पीवीएल सीजन-5 की नीलामी में सूरज चौधरी का जलवा

गोवा, 17 अगस्त 2026। प्राइम वॉलीबॉल लीग (पीवीएल) के पांचवें सीजन के लिए आयोजित खिलाड़ी नीलामी में 10 फ्रेंचाइजी ने अपनी टीमों को मजबूत किया। नीलामी में शमीमुद्दीन सबसे महंगे खिलाड़ी रहे, जिन्हें कोच्चि ब्लू स्पाइकर्स ने 20 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा। वहीं, मुहम्मद निहाल सीके 19 लाख रुपये के साथ दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। शॉन टी. जॉन और जसजोध सिंह को 15.5-15.5 लाख रुपये में खरीदा गया और वे संयुक्त रूप से तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी रहे।
नीलामी की सबसे खास बात हाल ही में संपन्न गार्जियंस ट्रॉफी के 11 खिलाड़ियों का पीवीएल फ्रेंचाइजी द्वारा खरीदा जाना रहा। इनमें युवा ब्लॉकर सूरज चौधरी सबसे अधिक मूल्य पाने वाले खिलाड़ी रहे। उन्हें कैलिकट हीरोज ने 9.5 लाख रुपये में खरीदा। इन युवा खिलाड़ियों का प्रदर्शन और उसके बाद पीवीएल फ्रेंचाइजी में चयन भारतीय वॉलीबॉल में उभरती प्रतिभाओं और मजबूत होते जमीनी स्तर के ढांचे को दर्शाता है। पिछले चार वर्षों में पीवीएल के प्रयासों से युवा खिलाड़ियों के लिए आगे बढ़ने का रास्ता भी तैयार हुआ है।
सीजन-5 के लिए 10 फ्रेंचाइजी को दो पूल में बांटा गया है। पूल ए में बेंगलुरु टॉरपीडोज, कैलिकट हीरोज, अहमदाबाद डिफेंडर्स, चेन्नई ब्लिट्ज और मुंबई मेटियॉर्स को रखा गया है, जबकि पूल बी में गोवा गार्डियंस, तेलुगु ब्लैकहॉक्स, दिल्ली तूफान्स, कोलकाता थंडरबोल्ट्स और कोच्चि ब्लू स्पाइकर्स शामिल हैं।
अहमदाबाद डिफेंडर्स ने पांच खिलाड़ियों को खरीदा। टीम की सबसे बड़ी खरीद मुहम्मद निहाल सीके रहे, जिन्हें 19 लाख रुपये मिले। इसके अलावा मुहम्मद इकबाल को 4 लाख रुपये तथा शिवा चंदेल, ध्रुव चौधरी और आयुष चौधरी को 3-3 लाख रुपये में टीम में शामिल किया गया।
गत चैंपियन बेंगलुरु टॉरपीडोज ने नीलामी में कोई खिलाड़ी नहीं खरीदा और अपनी पूरी चैंपियन टीम को बरकरार रखा।
कैलिकट हीरोज ने आठ खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ा। समीर चौधरी 10 लाख रुपये के साथ टीम की सबसे बड़ी खरीद रहे। इसके बाद सूरज चौधरी को 9.5 लाख, जसकरण सिंह को 9 लाख, सार्थक सिंह जादौन को 7.75 लाख और अनु जेम्स को 5.5 लाख रुपये में खरीदा गया। महेंद्र धुरवे और सुजीत को 3-3 लाख रुपये में टीम में शामिल किया गया। टीम ने राइट टू मैच का इस्तेमाल करते हुए शिवनेसन वी को 5.75 लाख रुपये में बरकरार रखा।
चेन्नई ब्लिट्ज ने सात खिलाड़ियों को खरीदा। शॉन टी. जॉन 15.5 लाख रुपये के साथ टीम की सबसे बड़ी खरीद रहे। इसके अलावा कुणाल दास को 6.25 लाख, मोहम्मद जमरूद को 4 लाख तथा सोहम मोरे, श्रीनाथ एस, एस. विग्नेश और सुरेंद्रन एस को 3-3 लाख रुपये में खरीदा गया।
दिल्ली तूफान्स ने अमरिंदरपाल सिंह को 10 लाख और विकास मान को 8 लाख रुपये में खरीदा। अशोक विक्की गुर्जर और लाल सुजन एमवी को 3-3 लाख रुपये में टीम में शामिल किया गया।
गोवा गार्डियंस ने दो खिलाड़ियों को खरीदा। अमन कुमार को 5 लाख और रजत कुमार को 3 लाख रुपये में टीम में शामिल किया गया। वहीं, कोच्चि ब्लू स्पाइकर्स ने छह खिलाड़ियों को खरीदा। शमीमुद्दीन 20 लाख रुपये के साथ टीम की सबसे बड़ी खरीद रहे। अंगमुथु रामास्वामी को 9.5 लाख रुपये तथा आदिथ केवी, नावेद खान, विशेष और अरशक सिनान को 3-3 लाख रुपये में खरीदा गया।
कोलकाता थंडरबोल्ट्स ने छह खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया। जसजोध सिंह 15.5 लाख रुपये के साथ टीम की सबसे बड़ी खरीद रहे। अशोक बिश्नोई और आदित्य राणा को 5-5 लाख, जबकि जानशाद यू और वेणु सी को 4-4 लाख रुपये में खरीदा गया। पवन सिंह को 3 लाख रुपये में टीम में शामिल किया गया।
मुंबई मेटियॉर्स ने प्रिंस को 5.5 लाख और मृत्युञ्जय महांता को 5 लाख रुपये में खरीदा। तेलुगु ब्लैकहॉक्स ने तनीष चौधरी को 14 लाख, विनीत कुमार को 8 लाख और मौहसिन पीए को 5 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा। हरि प्रसाद बीएस और दीपक को 3-3 लाख रुपये में खरीदा गया। टीम ने राइट टू मैच का इस्तेमाल करते हुए नियास अब्दुल सलाम को 4 लाख रुपये में बरकरार रखा।
नीलामी पूरी होने के साथ ही पीवीएल सीजन-5 के लिए सभी टीमों के दल तैयार हो गए हैं। अब प्रशंसकों की नजर नए सीजन पर है, जहां अनुभवी खिलाड़ियों के साथ उभरती भारतीय प्रतिभाओं को भी अपना दमखम दिखाने का मौका मिलेगा। इससे भारतीय वॉलीबॉल के पारिस्थितिकी तंत्र को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।