IGU ने गोल्फ न्यूज़ीलैंड के साथ मिलाया हाथ

नई दिल्ली: देश में गोल्फ के विकास और हाई-परफॉर्मेंस इकोसिस्टम को मजबूत करने के उद्देश्य से इंडियन गोल्फ यूनियन (IGU) ने गोल्फ न्यूज़ीलैंड के साथ साझेदारी की है। राष्ट्रीय खेल महासंघ ने बुधवार को यह जानकारी दी। इसी पहल के तहत, IGU ने गोल्फ न्यूज़ीलैंड के जनरल मैनेजर – हाई-परफॉर्मेंस एवं टैलेंट डेवलपमेंट, ग्रेग थॉर्प की 12 से 17 अगस्त, 2026 तक भारत यात्रा की मेजबानी की।
अपने छह दिवसीय दौरे के दौरान थॉर्प ने दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख गोल्फ क्लबों और प्रशिक्षण सुविधाओं के साथ-साथ चंडीगढ़ स्थित नेशनल गोल्फ एकेडमी ऑफ इंडिया (NGAI) का दौरा किया। उन्होंने कोचों, खिलाड़ियों, खेल विशेषज्ञों और क्लब प्रबंधकों के साथ भी बातचीत की। इस दौरे से भारत में जूनियर और एलीट खिलाड़ियों के विकास कार्यक्रमों, प्रशिक्षण वातावरण तथा भारतीय गोल्फ के विभिन्न स्तरों के बीच बेहतर समन्वय की संभावनाओं को समझने में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
दौरे की शुरुआत 12 अगस्त को गुरुग्राम में IGU के परिचय के साथ हुई, जिसके बाद DLF Golf & Country Club और DLF Golf Academy का दौरा किया गया। थॉर्प ने NGAI के प्रमुख शिक्षा अधिकारी और अनुभवी गोल्फ कोच अनित्य चंद से मुलाकात की और NGAI तथा DLF के गोल्फ प्रशिक्षण कार्यक्रम पर चर्चा की।
अगले दिन थॉर्प ने ग्रेटर नोएडा स्थित Jaypee Greens का दौरा किया, जहां उन्होंने सुविधाओं का जायजा लिया और कैटेगरी ‘A’ कोच राहुल बजाज तथा स्पोर्ट्स साइकोलॉजिस्ट नानकी चड्ढा से बातचीत की। इस दौरान हाई-परफॉर्मेंस में खेल मनोविज्ञान के बढ़ते महत्व पर जोर दिया गया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने Delhi Golf Club (DGC) का दौरा किया और इसकी प्रबंध समिति के सदस्यों से मुलाकात की। चर्चा में DGC के जूनियर ट्रेनिंग प्रोग्राम, एक्सीलेंस प्रोग्राम और नई ड्राइविंग रेंज सहित विकास कार्यक्रमों से उभरने वाले खिलाड़ियों को समर्थन देने की पहलों पर विचार किया गया।
थॉर्प ने कहा, “यह एक ऐसी पहल थी, जिसे R&A ने IGU और Golf New Zealand को साथ लाकर शुरू किया। भारत आना मेरा पहली बार है। इसलिए यह यात्रा मेरे लिए भारत की संस्कृति और यहां काम करने के तरीके को बेहतर ढंग से समझने के लिए बेहद महत्वपूर्ण रही, ताकि मैं IGU को उसके हाई-परफॉर्मेंस कार्यक्रम स्थापित करने में मदद कर सकूं। मैंने यहां कुछ बेहद अच्छे लोगों और ऐसी सुविधाओं को देखा है, जो वास्तव में शानदार हैं।”
उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि यहां IGU के लिए कुछ विशेष करने का वास्तविक अवसर है। इसके लिए ऐसी रणनीति और संरचना तैयार करनी होगी, जो भारत की युवा पीढ़ी को प्रेरित करे और, इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि यदि भारत 2036 में ओलंपिक की मेजबानी करता है, तो एक बेहद सफल ओलंपिक अभियान की दिशा में आधार तैयार करे।”